भाई दूज पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात डायवर्जन

Nov 11, 2026 - 00:30
 112  1.5k
भाई दूज पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात डायवर्जन

नैनीताल, 10 नवंबर (हि.स.)। भाई दूज के अवकाश पर 11 नवंबर को नैनीताल जनपद के कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष डायवर्जन योजना जारी की है।

यातायात योजना के अनुसार इस क्षेत्र में सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं, बसों और चारपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।

वहीं अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य को जायेंगे। जबकि हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से इन पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन भी खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड होते हुए इसी मार्ग से जायेंगे। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों और निजी वाहनों के लिए भी पार्किंग एवं शटल सेवा की व्यवस्था की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े किये जायेंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से श्रद्धालु भवाली और कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे। वहीं, ज्योलीकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा करना होगा। यहां से कैंची धाम के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी एवं बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा।

नैनीताल पुलिस के अनुसार, अवकाश के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों के साथ ही पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग एवं शटल व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0