उत्तरकाशी के गंगनानी में भागीरथी नदी में गिरी गुजरात की कार, चार की मौत, दो महिलाएं लापता

Nov 5, 2026 - 16:30
 139  1.8k
उत्तरकाशी के गंगनानी में भागीरथी नदी में गिरी गुजरात की कार, चार की मौत, दो महिलाएं लापता

उत्तरकाशी (उत्तराखंड), 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी तहसील क्षेत्र में गंगनानी के पास गुरुवार सुबह एक कार (इनोवा) भागीरथी नदी में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में लापता दो महिलाओं की तलाश की जा रही है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, सुबह करीब सात बजे गंगनानी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भागीरथी नदी में गिरने से इनोवा दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, 108 एंबुलेंस, मेडिकल टीम और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने नदी से एक घायल व्यक्ति को सड़क तक पहुंचाया। उसे हेलीकॉप्टर से रेफर किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। लापता दोनों महिलाओं की तलाश में अभियान जारी है।

प्रशासन के अनुसार, मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान गुजरात के सूरत शहर निवासी अशोकबेन पटेल (49), संगीताबेन पटेल (39), धनश्यामभाई सरवैया (32) और वाहन चालक सुरेंद्र सिंह (नाममालूम, 28) के रूप में हुई है।

घायल की पहचान वेदांत अशोकभाई पटेल (17) के रूप में हुई है। वहीं, लापता महिलाओं की पहचान सुधाबेन अशोकभाई पटेल (45) और किरणबेन विशालभाई पटेल (34) के रूप में हुई है। जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लापता महिलाओं की तलाश में जुटी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0