मुख्यमंत्री के अनुरोध पर राष्ट्रीय राजमार्गों के स्पर अनुमोदन प्रस्तावों पर केंद्र सरकार करेगी विचार

Aug 14, 2026 - 00:30
 108  1.9k
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर राष्ट्रीय राजमार्गों के स्पर अनुमोदन प्रस्तावों पर केंद्र सरकार करेगी विचार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर राज्य की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को राष्ट्रीय राजमार्गों के स्पर (सहायक शाखा मार्ग) के रूप में अनुमोदित किए जाने संबंधी प्रस्तावों पर केंद्र सरकार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अवगत कराया है कि राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को संबंधित अधिकारियों के पास विचार एवं आवश्यक परीक्षण हेतु प्रेषित कर दिया गया है।

ज्ञातब्य है कि मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी द्वारा 24 जुलाई, 2026 को भेजे गए अनुरोध के क्रम में  सिकुड़ा बैंड से एन.टी.डी. (अल्मोड़ा) तक सुरंग (टनल) सहित लगभग 1 किलोमीटर मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग-309बी के स्पर के रूप में अनुमोदित किए जाने, सेराघाट–बाड़ेछीना मोटर मार्ग (45 किलोमीटर) को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने, मरचूला–भिकियासैंण मोटर मार्ग (72 किलोमीटर) को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने तथा कालसी–चकराता मोटर मार्ग (44 किलोमीटर) को राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए एवं 507 के स्पर के रूप में किए जाने का अनुरोध केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री से किया गया था। केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि उक्त सभी प्रस्तावों को संबंधित अधिकारियों को परीक्षण एवं विचारार्थ प्रेषित कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य पर्वतीय एवं सीमांत क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना तथा राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़कर क्षेत्रीय विकास, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सकारात्मक सहयोग से इन प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय होगा और राज्य के सड़क ढांचे को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की विकास संबंधी आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने तथा प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0