पटेलनगर में १४ लाख की लूट के दो और आरोपित गिरफ्तार, अब तक पांच पकड़े

Nov 12, 2026 - 08:30
 131  1.6k
पटेलनगर में १४ लाख की लूट के दो और आरोपित गिरफ्तार, अब तक पांच पकड़े

देहरादून, 11 नवंबर (हि.स.)। पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में दून पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपित को टिहरी गढ़वाल के चंबा और दूसरे को पटेलनगर क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लूट की रकम में से 70 हजार रुपये बरामद किए हैं। इस मामले में अब तक पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कुल 2.20 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।

बुधवार को एसएसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सात नवंबर को राजेश कुमार सोनी निवासी हरिपुर कलां, मोतीचूर ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह देहरादून में एक प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट की और रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने नौ नवंबर को मामले में सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.50 लाख रुपये बरामद किए थे। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार आरोपितों की तलाश में टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाकर मंगलवार को दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कर्ण यादव (24) निवासी मूल रूप से बहराइच, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी देहराखास, देहरादून और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू (23) निवासी नई बस्ती, गांधीग्राम, पटेलनगर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक कर्ण यादव के कब्जे से 32 हजार और सोहेल अख्तर से 38 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0